- कीर्तिमान बनाने जा रहे दुर्ग जिले के नेता।
सूचनाजी न्यूज, रायपुर। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) सहित देश में लोकसभा चुनाव का पारा चढ़ चुका है। प्रदेश में कुल 11 लोकसभा सीटों पर तीन चरण में चुनाव होंगे। वहीं, प्रदेश की 11 सीट में से पांच सीट ऐसी है, जहां दुर्ग जिले के नेता चुनाव लड़ रहे है।
पांच लोकसभा क्षेत्र की चुनावी रण में उतरने वाले दुर्ग के छह नेता निर्दलीय या क्षेत्रीय दल के प्रत्याशी के तौर पर नहीं, बल्कि देश की दो शीर्ष राजनैतिक दल के अधिकृत उम्मीदवारी के तौर पर अपना भाग्य आजमा रहे है।
प्रदेश की राजनांदगांव हाईप्रोफाइल सीट से पूर्व मुख्यमंत्री (Ex CM) और दुर्ग की पाटन विधानसभा से विधायक (MLA) भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) चुनाव लड़ रहे है। भूपेश बघेल को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। इसी तरह से जिले की दुर्ग ग्रामीण के पूर्व विधायक, प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू महासमुंद लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में है। ताम्रध्वज साहू को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है।
भिलाई नगर के विधायक और भिलाई के पूर्व महापौर देवेन्द्र यादव बिलासपुर संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे है। देवेन्द्र यादव को कांग्रेस ने अपना कैंडिडेट बनाया है। जबकि कोरबा लोकसभा सीट से सरोज पाण्डेय चुनाव लड़ रही है। सरोज पाण्डेय दुर्ग की सांसद, दुर्ग नगर निगम की महापौर और जिले की वैशालीनगर सीट से MLA रहीं है। सरोज पाण्डेय को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना प्रत्याशी बनाया है।
इसी तरह दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से वर्तमान सांसद विजय बघेल चुनावी मैदान में है। विजय बघेल का भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-5 में निवास है। वे वर्ष 2019 में अपना पहला लोकसभा चुनाव लड़े थे और दुर्ग के सांसद निर्वाचित हुए थे। उन्हें BJP ने दुर्ग लोकसभा से अपना कैंडिडेट बनाया है। जबकि दुर्ग लोकसभा सीट से राजेन्द्र साहू भी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे है। राजेन्द्र साहू भी दुर्ग शहरी क्षेत्र के ही रहने वाले है। उन्हें कांग्रेस ने दुर्ग से प्रत्याशी बनाया है। फिलहाल राजेन्द्र छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (CG PCC) के पदाधिकारी है।
ये खबर भी पढ़ें : Lok Sabha Elections 2024: इंतजार खत्म अब मतदान, लाइव वीडियो से नजर रखेगा चुनाव आयोग